कुरुक्षेत्र। नहर से गोवंश के सिर मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को भी ऐसे पांच सिर मिले, जिन्हें देख हर कोई सन्न रह गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो गो सेवकों में रोष देखा गया।
शनिवार को ही दबखेड़ी के पास एक गोवंश का सिर मिला था, जिसे गोताखोर प्रगट सिंह ने निकाला था। रविवार देर शाम फिर गांव ज्योतिसर के समीप पांच सिर नहर में बहते मिले। गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने इन्हें निकाला तो तत्काल सूचना पुलिस को भी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जांच शुरू की। वहीं मौके पर पहुंचे गो रक्षक दल से निखिल कुमार, गुलशन आदि का कहना था कि यह बेहद गंभीर मामला है। पुलिस प्रशासन को इसकी गहराई से जांच करनी चाहिए, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि इसके पीछे गहरी साजिश हो सकती है, जिसका पर्दाफाश किया जाना बेहद जरूरी है। उधर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी प्रिंस का कहना था कि मामले को लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है और आदेशानुसार ही अगली कार्रवाई की जाएगी।