कुरुक्षेत्र। पिहोवा थाना सदर में दिसंबर 2021 में दर्ज सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस में आज बड़ा फैसला आने की उम्मीद है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इस मुकदमे में पटियाला निवासी महिला आशा रानी की हत्या का मुख्य आरोपी राजेश कुमार सहित उसके पिता सोमनाथ पत्नी रीना व पड़ोसन चिनया पर हत्या व भाई विक्की पर वारदात के सबूत मिटाने के आरोप है। न्यायधीश हेमराज वर्मा की अदालत मामले की सुनवाई पूरी कर चुकी है। अब इस पर फैसला आना बाकी है।
वारदात 23 दिसंबर 2021 की है, जब गांव ट्यूकर निवासी संदीप काजल ने मारकंडा नदी के बांध के पास झाडिय़ों में प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। शव का गले पर रस्सी के निशान थे और हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और चेहरा नष्ट कर दिया गया था ताकि शिनाख्त न हो सके। पुलिस ने शव की पहचान पटियाला की संजय कॉलोनी निवासी आशा रानी के रूप में की, जिनके पति पंजाब पुलिस में लांगरी के तौर पर कार्य करते थे और उनकी 2010 में सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
जांच में सामने आया था कि पैसे के लालच में दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतीक कुमार के नेतृत्व में जांच में सामने आया था कि आशा ने पटियाला के रोड़ीकूट मोहल्ला निवासी राजेश कुमार को ढाई लाख रुपये ब्याज पर दिए थे। राजेश अतिरिक्त 50 हजार रुपये मांग रहा था। 21 दिसंबर 2023 को आशा स्कूटी पर राजेश को पैसे देने गई थी। राजेश ने पैसे ले लिए, लेकिन चेक नहीं दिया। जब आशा चेक लेने उसके घर गई तो राजेश ने परिजनों व पड़ोसन के साथ मिलकर आशा को पकड़ लिया और हथौड़े से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी। सुबूत मिटाने के लिए शव को प्लास्टिक कट्टे में बांधकर कार से पिहोवा क्षेत्र में नदी किनारे फेंक दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश कुमार को गिरफ्तार कर उससे महिला की स्कूटी, वारदात वाली कार और हथौड़ा बरामद करने का दावा किया था। चार दिन के रिमांड पर पूछताछ में राजेश ने हत्या कबूल की। आगे जांच में उसकी पड़ोसन चिनिया और पत्नी रीना का भी नाम सामने आया, जिन्होंने भी आशा से ढाई लाख रुपये ब्याज पर लिए थे और रकम चुकाने से बचने के लिए हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों महिलाओं को भी गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया। राजेश पर पटियाला में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले भी दर्ज हैं।