फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: नपा सेवादार के साथ पार्षद के बेटे ने की मारपीट, गुस्साए कर्मियों ने पार्षद के घर के आगे लगाया कूड़े का ढेर

विज्ञापन
शाहाबाद।शहरी चौकी में हमलावर की शिकायत दर्ज करवाने आए नपा सेवादार।
विज्ञापन
शाहाबाद। नगरपालिका के एक सेवादार पर महिला पार्षद के पुत्र द्वारा मारपीट किए जाने का मामला गहरा गया। न केवल सफाई कर्मचारी हड़ताल पर उतर आए बल्कि माजरी मोहल्ला स्थित महिला पार्षद के घर के बाहर कूड़े का ढेर लगा दिया। वहीं महिला पार्षद ने भी नपा सेवादार के खिलाफ अपने पुत्र पर हमला करने की शिकायत मेडिकल के साथ पुलिस में दी, लेकिन इस विवाद का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई। पालिका के 89 स्थायी व 40 अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर ऐलान किया है कि जब पीड़ित सेवादार को न्याय नहीं मिलेगा, हड़ताल जारी रहेगी।
विज्ञापन

सेवादार राकेश कुमार ने वार्ड नंबर चार की पार्षद निशा ठकराल के पुत्र अभिषेक पर पुलिस में दी शिकायत में मारपीट के आरोप लगाए और शिकायत की एक प्रति नगरपालिका सचिव को भी दी, जिसके बाद पुलिस में नपा की तरफ से भी कार्रवाई करने के लिए शिकायत दर्ज कार्रवाई गई। वहीं गुस्साए कर्मी हड़ताल पर उतर आए तो उन्होंने मुख्य बाजारों से जुलूस निकालते हुए पार्षद व नपा अध्यक्ष पर जमकर रोष जताया। वहीं सफाई कर्मचारियों ने पार्षद निशा ठकराल के घर के मुख्य द्वार पर कई वाहन कचरे के डालकर ढेर लगा दिया। इससे माजरी मोहल्ला से बराड़ा रोड को जाने वाला रास्ता भी बंद हो गया।
सेवादार राकेश कुमार ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह प्रातः अग्रवाल धर्मशाला के नजदीक डाकखाने में कार्यालय के काम से कोई रजिस्ट्री करवाने के लिए गया था। रास्ते में पार्षद निशा ठकराल के पुत्र अभिषेक के साथ तीन अन्य लड़कों ने उनके आगे व पीछे बाइक लगाकर उनसे मारपीट करनी शुरू कर दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन


महिला पार्षद के बेटे ने खारिज किए आरोप
सिविल अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे पार्षद पुत्र ने नगरपालिका सेवादार के आरोपों को सिरे से खारिज किया और उल्टा सेवादार पर हमला करने की बात कही। पार्षद पुत्र ने कहा कि आज प्रातः जब वह बाजार से निकल रहे थे, तो राकेश कुमार ने उनके छोटे भाई को लेकर उन पर तंज कसा, जिससे उनकी सेवादार राकेश कुमार से बहस हो गई। अभिषेक ने कहा कि उन्होंने राकेश से मारपीट नहीं की बल्कि राकेश कुमार ने स्वयं अपनी जेब से चाकू निकालकर उन पर वार किया। महिला पार्षद ने बताया कि उन्होंने भी सेवादार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी है।

लिखित आश्वासन तक हड़ताल जारी रहेगी
सुबह लगभग साढ़े 11 बजे प्रारंभ हुए इस प्रकरण में सायंकाल तक नगरपालिका प्रधान मामले से किनारा करते रहे। हालांकि कई बार उनके इस मामले के बीच में आने की चर्चा भी की जाती रही। नगरपालिका प्रधान के इस रवैए पर सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक नगरपालिका प्रधान, विधायक एवं एसडीएम उन्हें लिखित में यह आश्वासन नहीं देते कि भविष्य में ऐसी घटना नहीं होगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।



कानून अनुसार होगी कार्रवाई : महेश
शहरी चौकी प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत उनके पास आ गई है। कानून के हिसाब से जो भी कार्रवाई होगी उसे अमल में लाया जाएगा।



दोनों पक्ष बराबर, प्रकरण निंदनीय : अध्यक्ष
नगरपालिका प्रधान गुलशन कवातरा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि आज सुबह से वह तीन बार सेवादार राकेश कुमार से बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह नगरपालिका में भी आ रहे थे, लेकिन सचिव बम्बूल सिंह ने उन्हें बताया कि राकेश कुमार नगरपालिका से जा चुके हैं। प्रधान ने कहा कि उनके लिए दोनों बराबर हैं और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण निंदनीय है।

शाहाबाद।शहरी चौकी में हमलावर की शिकायत दर्ज करवाने आए नपा सेवादार।

शाहाबाद।शहरी चौकी में हमलावर की शिकायत दर्ज करवाने आए नपा सेवादार।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें