कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 27 मई को होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। समारोह की सबसे बड़ी खूबी यह होगी कि विद्यार्थी दीक्षांत समारोह के लिए सीधे विश्वविद्यालय की वेबसाइट से आनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में आने के लिए आनलाइन सहमति दे सकेंगे। समारोह में गृहमंत्री राजनाथ सिंह मुख्यातिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 27 मई को विश्वविद्यालय के ओडिटोरियम हाल में सत्र 2015-16 के विद्यार्थियों व शोधार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। दीक्षांत समारोह के लिए सभी तरह की जानकारियां विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड होंगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रवीण कुमार सैनी ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा के आदेशानुसार दीक्षांत समारोह के लिए वेबसाइट पर एक स्पेशल लिंक बनाया गया है जिस पर क्लिक कर विद्यार्थी अपना आनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे।
पंजीकरण फार्म में विद्यार्थियों को अपनी फैकल्टी, विभाग व सत्र का विवरण देना होगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का आईटी सैल ऑनलाइन पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया को देखेगा। समारोह में जिन विद्यार्थियों को डिग्रियां, गोल्ड मैडल व पीएचडी की उपाधियां मिलनी है, उनकी पूरी सूची वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थी जिन्होंने सत्र 2015-16 में अपनी पढ़ाई पूरी कर ली है वे सीधे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपना आनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।
24 मई तक अपना पंजीकरण करवा सकेंगे विद्यार्थी
दीक्षांत समारोह के लिए विद्यार्थी 24 मई तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। जल्द ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध होगा। 24 मई के बाद आनलाइन पंजीकरण की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही वे दीक्षांत समारोह में भाग ले रहें हैं या नहीं इसके बारे में भी विश्वविद्यालय को सूचित कर सकते हैं।