शाहाबाद। अवैध निर्माण को नष्ट करती जेसीबी। विज्ञप्ति
शाहाबाद। राजस्व संपदा के पट्टी कांकरा में करीब चार एकड़ की अवैध कॉलोनी को उपायुक्त के आदेशानुसार प्रशासन के सहयोग से तोड़फोड़ की कार्रवाई अमल में लाई गई है। जिला नगर योजनाकार अधिकारी विक्रम कुमार ने कहा कि उपायुक्त के आदेशानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ डीटीपी की टीम ने शाहाबाद पट्टी कांकरा में करीब चार एकड़ की अवैध कॉलोनी में बनी सडक़ें, सीवरेज और मैनहोल और गेट के अवैध निर्माण को जेसीबी से हटाया।
उन्होंने कहा कि डीटीपी विभाग के पास राजस्व संपदा शाहाबाद में पट्टी कांकरा में लगभग चार एकड़ में पनप रही एक अवैध कॉलोनी के पनपने का मामला आया था, जिसके उपरांत विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे, परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों ने न तो अवैध काॅलोनियों में किए जा रहे निर्माण को रोका और न ही विभाग से अनुमति प्राप्त की। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग द्वारा इन अवैध काॅलोनियों में निर्माण को नष्ट करने का काम किया गया है। उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि सस्ते प्लाॅटों के चक्कर में प्रॉपर्टी डीलर के बहकावे में आकर प्लाॅट न खरीदें और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य करें। इतना ही नहीं जमीन की खरीद करने से पहले डीटीपी कार्यालय से कॉलोनी की वैधता और अवैधता की जानकारी प्राप्त कर लें।