कुरुक्षेत्र। पुलिस कम्युनिटी लायजनिंग ग्रुप ( सीएलजी ) के जरिए शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। यह समूह आपसी विवाद सुलझाकर मामलों को बिना मुकदमे के हल करता है। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि शिकायतों का निष्पक्ष और त्वरित निपटान किया जाता है, जिसमें ज्यादातर शिकायतकर्ता संतुष्ट होते हैं। असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं के मामले सीएलजी टीम को भेजे जाते हैं, जो उनके घर जाकर समाधान करती है। इससे पुलिस का समय बचता है और जनता का भरोसा बढ़ता है। मार्च 2025 में 194 शिकायतों में से 133 के शिकायतकर्ता संतुष्ट पाए गए, जबकि साल के पहले तीन महीनों में 587 में से 571 शिकायतों का निपटारा हुआ, जिसमें 333 संतुष्ट रहे। सीएलजी वैकल्पिक समाधान केंद्र की तरह काम कर रहा है, जिससे अदालतों का बोझ कम हो रहा है।
चोरीशुदा स्कूटी के साथ आरोपी को दबोचा
कुरुक्षेत्र। सीआईए एक की टीम ने चोरीशुदा स्कूटी के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी की पहचान सेक्टर तीन के रहने वाले कार्तिक भीम के रूप में हुई है। सेक्टर तीन के निवासी नरेश कुमार ने पुलिस में शिकायत देकर बताया था कि 31 मार्च को उसके घर के आगे खड़ी स्कूटी चोरी हो गई। इस शिकायत पर उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीआईए एक के प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त आरोपी पर थाना सदर में पांच मामले दर्ज हैं।
लाख की ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। थाना कृष्णा गेट की टीम ने शिमला में प्लांट लगाने का झांसा देकर 30 लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी रविंद्र कुमार संजय कॉलोनी निवासी रोहतक को गिरफ्तार किया है। फरवरी 2021 को बिशनगढ़ गांव के रहने वाले राजकुमार सैनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा कि रविंद्र कुमार और उसके साथियों ने शिमला के पास प्लांट लगाने का लालच देकर उससे 30 लाख रुपये लिए। छह महीने बाद भी प्लांट शुरू नहीं हुआ और बहाने बनाए गए। दो साल बाद भी कोई प्रगति न होने पर रुपये मांगने पर धमकी देने लगे। धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज करके जांच के बाद उक्त आरोपी को काबू किया गया है। बाद में उसे जमानत मिल गई।
हुड्डा ग्राउंड से मोटरसाइकिल चोरी
पिहोवा। शहर के हुड्डा ग्राउंड से मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। गलेडवा निवासी सतबीर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि शाम पांच बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल हुड्डा ग्राउंड में खड़ी की थी। मेले से शाम छह बजे जब वह वापस आया तो बाइक वहां नहीं मिली। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मोटरसाइकिल की तलाश शुरू कर दी है।
रेस्टोरेंट के बाहर से बाइक चोरी
कुरुक्षेत्र। शहर के एक रेस्टोरेंट के बाहर से बाइक चोरी हो गई है। चनारथल कॉलोनी निवासी हरेंद्र सिंह ने पुलिस शिकायत देते हुए बताया कि दो अप्रैल को वह सेक्टर-17 स्थित में एक पिज्जा रेस्टोरेंट पर काम करने आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल रेस्टोरेंट के पास खड़ी की थी। वहां से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रिंटिंग प्रेस के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी
लाडवा। एक निजी प्रिंटिंग प्रेस के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया है। वार्ड 13 निवासी विमल सैनी ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया की सुबह नौ बजे वह अपनी मोटरसाइकिल लेकर वार्ड 15 में स्थित प्रेस में काम करने गया था। उसने अपनी बाइक को दीवार के पास खड़ी की थी। 11 बजे के करीब जब उसने बाइक देखी तो बाइक वहां नहीं मिली। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीर्थ पर गए परिवार के घर से मोटरसाइकिल चोरी
कुरुक्षेत्र। सिरसमा गांव में तीर्थ यात्रा पर गए परिवार के घर से मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया है। मिस्री लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह दो महीने पहले प्रयागराज और अन्य धार्मिक स्थलों पर घूमने गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के बरामदे में खड़ी की थी। दो जनवरी से पांच मार्च के बीच जब वह लौटा, तो बाइक गायब थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मौके पर जाकर जांच की और चोरों का पता लगाने में जुटी गई है।
परिवार पर हमला, मारपीट का आरोप, मामला दर्ज
कुरुक्षेत्र। गांधी नगर में एक परिवार पर हमला कर मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला ने थाना कृष्णा गेट में शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोप लगाए हैं कि रात साढ़े 10 बजे के करीब बलवीर, विनोद, राजरानी, सोनिया, सुरेंद्र और कमला ने लाठी, डंडे, तलवार और चाकू से उसके परिवार पर हमला किया। आरोपियों ने परिवार को बुरी तरह पीटा और जान से मारने की कोशिश की। शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए, जिससे परिवार के सदस्यों ने भागकर जान बचाई। अगले दिन सुबह सवा आठ बजे के करीब फिर से हमला हुआ, जिसमें मधुबाला और उनके पति को गंभीर चोटे आईं। डायल 112 पर कॉल के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।