संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के उपलक्ष्य में श्रीकृष्ण संग्रहालय में दो दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय परिषद द्वारा हर वर्ष एक विषय के तहत संग्रहालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष परिषद द्वारा त्वरित गति से बदलते समुदायों में संग्रहालयों का भविष्य थीम दिया गया है जो कि सामाजिक, तकनीकी और पर्यावरणीय परिवर्तनों के संदर्भ में संग्रहालयों की भूमिका को रेखांकित करता है।
संग्रहालय के कोआर्डिनेटर राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि इस अवसर पर श्रीकृष्ण संग्रहालय, विकास बोर्ड तथा पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में 17 व 18 मई को दो दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम श्रीकृष्ण संग्रहालय में आयोजित किए किए जा रहे हैं। 17 मई को प्रातः 9: 30 बजे से 11:30 बजे तक श्रीकृष्ण संग्रहालय की पुरातात्विक विरासत पर एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र भाग ले सकेंगे। प्रत्येक स्कूल से अधिकतम पांच छात्रों की सहभागिता की अनुमति है। विजेताओं को उसी दिन मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस पोस्टर प्रतियोगिता हेतु विद्यार्थियों को अपने स्कूल से अनुमति-पत्र साथ लाना होगा। 18 मई को प्रातः 10 से 11 बजे तक ऑपन क्विज कंपीटीशन (खुली प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता) आयोजित की जाएगा, जिसका विषय भारत की मूर्त विरासत होगा, जिसमें सभी आयु वर्ग के व्यक्ति एवं स्कूली विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता के लिए किसी भी प्रकार के पंजीकरण की आवश्यकता नही है। संग्रहालय प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि उपरोक्त कार्यक्रमों के माध्यम से श्रीकृष्ण संग्रहालय का उद्देश्य नागरिकों में भारतीय सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।