कुरुक्षेत्र। साइबर ठगों की धोखाधड़ी से आम नागरिक को सजग रहने की जरूरत है। इस समय सोशल मीडिया और इंटरनेट साइटस आदि के माध्यम से साइबर ठग लोगों को रोजाना ठगने का काम कर रहे है। इसलिए समाज के प्रत्येक नागरिक को साइबर ठगों से सचेत रहना होगा। यह आह्वान जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने किया।
वे प्रशासन की तरफ से एनआईसी के तत्वावधान में पंचायत भवन में सुरक्षित इंटरनेट दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थी। इससे पहले जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर, एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला, एडीआईओ भारती, लेखा अधिकारी सत्य भूषण ने विधिवत रूप से सुरक्षित इंटरनेट कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिप चेयरमैन ने कहा कि सरकार और प्रशासन की तरफ से लोगों को नियमित रूप से साइबर ठगों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इतना ही नहीं प्रत्येक व्यक्ति के मोबाइल फोन के कॉलर ट्यून पर भी वॉयस संदेश के जरिए जागरूक किया जा रहा है।
एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला ने कहा कि सुरक्षित इंटरनेट दिवस एक वार्षिक कार्यक्रम है जो वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है। इसका उद्देश्य ऑनलाइन सुरक्षित और डिजिटल कल्याण के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है (खासतौर से बच्चों और युवाओं के बीच)। आज अधिकांश लोग इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं। जागरूकता के अभाव में लोग धोखाधड़ी के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध में आपराधिक गतिविधियों को एक व्यापक दायरा शामिल है जिसमें हैकिंग, फिशिंग, रैंसमवेयर, मैलवेयर हमले आदि शामिल हैं। वित्तीय धोखाधड़ी होने पर व्यक्ति को फौरन 1930 पर कॉल करनी चाहिये। यह साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर है। समय पर रिपोर्ट करने से राशि की जल्द रिकवरी की संभावना बढ़ जाती है।