कुरुक्षेत्र। रंगों का पर्व होली आज हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसको लेकर बच्चे से बजुर्गों में भी खास उत्साह बना हुआ है। जमकर रंग-गुलाल उड़ाया जाएगा तो वहीं पर्व को मनाने की अपने-अपने खास अंदाज में तैयारी की गई है। पर्व को देखते हुए जहां युवाओं में खास उत्साह बना हुआ है वहीं पर्व की आड़ में हुड़दंगबाजी को लेकर भी पुलिस से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पिछले वर्ष होली के दिन इमरजेंसी वार्ड में करीब 16 मरीज हुड़दंगबाजी के चलते घायल अवस्था में पहुंचे थे, जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई हैं।
अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की संख्या बढ़ा दी है। एक की बजाय दो चिकित्सक ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों को ऑन कॉल ड्यूटी के आदेश जारी किए गए हैं। यदि किसी बड़ी घटना की सूचना मिलती है तो संबंधित डॉक्टर को तुरंत फोन कर अस्पताल बुलाया जाएगा।
कार्यकारी सीएमओ डॉ. साराह अग्रवाल ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में पर्याप्त दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि छोटे मामलों को वहीं संभाला जा सके।
होली पर एक घंटा अतिरिक्त पानी सप्लाई, दो से तीन फीसदी बढ़ेगी खपत
होली पर्व पर जन स्वास्थ्य विभाग ने शहरवासियों को राहत देते हुए पानी की सप्लाई एक घंटा बढ़ाने का निर्णय लिया है। आठ की जगह नौ घंटे पानी उपलब्ध कराया जाएगा। एक्सईएन सुमित गर्ग ने बताया कि सामान्य दिनों में सुबह 5 से 9 बजे तथा शाम 5 से 9 बजे तक पानी की सप्लाई दी जाती है। त्योहार को देखते हुए अतिरिक्त समय तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। शहरी क्षेत्र में करीब 26 हजार उपभोक्ता विभाग से जुड़े हैं और प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन लगभग 155 लीटर पानी उपलब्ध कराया जाता है। वहीं जिला के ग्रामीण इलाकों में पेयजल आपूर्ति लगभग 144.57 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) है। विभाग ने सभी क्षेत्रों में सुचारू जलापूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि होली पर दो से तीन प्रतिशत पानी की खपत अधिक बढ़ जाती है।
हुडदंगबाजी करने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर, तत्काल होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक नीतिश अग्रवाल ने बताया कि होली पर्व की आड में हुडदंगबाजी करना भारी पड़ेगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजरें रहेंगी। हुड़दंग करने पर तत्काल कार्रवाई होगी, इसके लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। जगह-जगह नाके लगाए हैं तो वहीं बाजारों से लेकर रिहायशी क्षेत्रों में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष बैरिकेड्स लगाकर नाकाबंदी करके चेकिंग के आदेश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, होली समारोहों और सभाओं में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर गश्त के लिए पुलिस कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है। असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। दूसरों की भावनाओं का सम्मान करने और रंगों का त्योहार मनाते समय उनकी संवेदनशीलता को ठेस न पहुंचाने की भी अपील की है।