कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला में जाट संस्था के प्रधान डॉ. कृष्ण श्योकंद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संस्था की ओर से गठित शैक्षिक समिति के सभी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक डॉ. सुरेश खत्री को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया। इसके अलावा मेधावी और जरूरतमंद छात्रों के लिए एक कोचिंग सेंटर शुरू करने और एक डिजिटल लाइब्रेरी शुरू करने के संबंध में निर्णय लिया गया। ये जानकारी मीडिया कोऑर्डिनेटर गुरदीप तंवर ने दी।
उन्होंने बताया कि कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करवाई जाएगी ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को मदद मिल सके। यह सुविधा जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र में ही उपलब्ध करवाई जाएगी। कोचिंग सेंटर की स्थापना से पहले एक विशेष समिति दिल्ली के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों का दौरा करेगी और अपनी रिपोर्ट संस्था को सौंपेगी, ताकि सेंटर की स्थापना का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। इसके साथ ही एक अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की भी स्थापना की जाएगी, जहां छात्र नवीनतम जानकारी और अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। गुरदीप तंवर ने बताया कि संस्था शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी जरूरतमंद और मेधावी छात्रों की हरसंभव मदद करेगी, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इस मौके पर पूर्व कुलसचिव डॉ. हवा सिंह, पूर्व कुलपति डॉ. रनपाल सिंह, डॉ. सुनील नैन, डॉ. जितेंद्र खटकड़, पूर्व तहसीलदार राजवीर सिंह सुरजेवाला, कर्नल राजकुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।