कुरुक्षेत्र। सीएम विधानसभा क्षेत्र की पिपली-लाडवा सड़क किनारे लगती मथाना मार्केट में अधूरा लटका
कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पिपली-लाडवा रोड किनारे मार्केट क्षेत्र में पेयजल सुविधा के लिए एक पाइपलाइन प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। यह प्रोजेक्ट अब कई विभागों की अनुमति के फेर में फंस गया है। जनस्वास्थ्य विभाग ने कुछ काम पूरा किया लेकिन शेष काम रोक दिया गया है। इससे दुकानदारों और आसपास के लोगों को अभी इंतजार करना होगा।
लगभग 55 लाख रुपये की लागत से पिपली-लाडवा रोड किनारे पेयजल पाइपलाइन दबाई जानी है। इसका उद्देश्य मार्केट और आसपास के क्षेत्र में पानी की समुचित व्यवस्था करना है। जनस्वास्थ्य विभाग को लोक निर्माण विभाग ने अनुमति लेने को कहा। इसके बाद फॉरेस्ट विभाग ने भी अनुमति लेने के निर्देश दिए। विभागीय स्तर पर कुछ स्थानों पर पाइप डाले जा चुके हैं। शेष काम के लिए सड़क और अन्य संबंधित विभागों से अनुमति की जरूरत है। पिपली-लाडवा रोड पर गांव मथाना से लगती मार्केट में करीब 450 दुकानें हैं। यहां रोजाना राहगीरों और वाहन चालकों की आवाजाही रहती है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बेहतर पेयजल व्यवस्था के लिए पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए थे। विभाग ने प्रक्रिया शुरू की लेकिन अलग-अलग विभागों से अनुमति नहीं मिली। इस कारण काम की रफ्तार थम गई है।
दोनों विभागों से मिली अनुमति, दो दिन में पूरा होगा काम : रामेश्वर
जनस्वास्थ्य विभाग के लाडवा एसडीओ विनोद के कार्यालय से जेई रामेश्वर ने बताया कि खोदाई के बाद पाइप डालने के समय लोक निर्माण ने रोक लगा दी थी। अब उनसे अनुमति मिल गई है। इसके बाद काम शुरू किया तो फॉरेस्ट डिपार्टमेंट वाले रुकवा गए लेकिन आमजन से जुड़ी सुविधा को देखते हुए उन्होंने भी शीघ्र ही परियोजना को पूर्ण करने बारे में स्वीकृति दे दी। टीम को निर्देश देकर दो दिन में काम पूरा कर दिया जाएगा। अनुमति के फेर में काम रुकने से परियोजना की समय सीमा प्रभावित हो रही है।