मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अब बिचौलियों के दिन लद चुके हैं और पात्रों को लाभ मिल रहा है। इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम को हर स्तर पर अपनाया जा रहा है और इसका बड़ा फायदा भी सामने आया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर बाद पिपली क्षेत्र के गांव उमरी में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का ही परिणाम है कि आज सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्रों को मिल रहा है। पहले बिचौलिये किसी की नौकरी लगवाने से लेकर तबादला करवाने में भी मोटी रकम खाते थे, लेकिन अब सब कुछ पारदर्शी कर दिया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने उमरी गांव पहुंचकर सर्वप्रथम गांव के प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। यहां गांव की सरपंच मीना कुमारी और नंबरदार बाबू राम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रेडक्रास द्वारा उपलब्ध करवाई गई व्हीलचेयर व श्रवण यंत्र संबंधित चार व्यक्तियों को वितरित की।
परिवार पहचान पत्र से काम हुआ आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर रोज जिन बच्चों का जन्म होता है, उन्हें बधाई संदेश भेजा जाता है। जहां जनसंवाद होता है, वहां के बच्चों को वे खुद स्टेज पर बुलाकर सम्मान देते हैं। यह सब परिवार पहचान पत्र के कारण संभव हुआ है। गांव उमरी में भी मुख्यमंत्री ने तीन बच्चियों व एक किशोर को मंच पर बुलाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी तो वहीं इस दौरान मंच पर मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष रवि बतान ने बताया कि उनका आज जन्म दिन है और उनके पास भी बधाई संदेश पहुंचा है तो मुख्यमंत्री ने उन्हें भी मौके पर ही सम्मानित किया। मुख्यमंत्री बोले, प्रदेश के
दो करोड़ 80 लाख लोग मेरा परिवार
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष कहता है कि उनका परिवार नहीं, लेकिन मैं जवाब देता हूं कि मेरा परिवार प्रदेश के दो करोड़ 80 लाख लोग हैं। हर किसी के लिए कार्य करना ही उद्देश्य है।
सीईटी का पेपर तैयार करना एजेंसी का काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी के लिये हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा शुरू की गई संयुक्त पात्रता परीक्षा के बारे में कुछ नेताओं द्वारा लोगों को गुमराह किया जा रहा है। ये आयोग का कार्य है कि किस एजेंसी से वे पेपर सेट करवाते हैं। पेपर में प्रश्न तय करना सेट करने वाली एजेंसी का कार्य है, न कि सरकार का। उन्होंने कहा कि अब तक 1.10 लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और अगले तीन मास में 30 हजार ग्रुप सी की भर्तियां की जाएंगी।
दो हजार पुरुष और एक हजार महिला सिपाहियों की ज्वाइनिंग जल्द
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में लगभग 6600 पदों पर पुरुष और महिला सिपाहियों की भर्ती की गई थी, जिसमें से आधों को ज्वाइनिंग दे दी गई थी, लेकिन दो हजार पुरुष और एक हजार महिला सिपाहियों की ज्वाइनिंग का मामला न्यायालय में पंहुच गया था, कल ही न्यायालय ने इन्हें ज्वाइनिंग करवाने की अनुमति प्रदान कर दी है और शीघ्र ही इनको ज्वाइनिंग करवा दी जाएगी।
धौल कपड़ियों के दिन लद गए, अब होते हैं सीधे काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का ही परिणाम है कि आज धौल कपड़ियों के दिन लद चुके हैं। पहले ये किसी की नौकरी लगवाने से लेकर तबादला करवाने में भी मोटी रकम खाते थे, लेकिन अब सब कुछ पारदर्शी कर दिया है और ये बिचौलिए बाहर हो गए हैं। अब इन योजनाओं का ऐसे लोग ही विरोध कर रहे हैं।
सामुदायिक भवन निर्माण और स्कूल का नवीनीकरण सहित की अन्य घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने सरपंच व अन्य आसपास के गावों से आए सरंपचों के मांग पत्र लिए तो वहीं गांव उमरी में दो एकड़ में बनाए जाने वाले सामुदायिक भवन, सरकारी स्कूल के कंडम भवन का नवीनीकरण करने, व्यायामशाला के लिए बजट मंजूर करने, गांव की ढाई एकड़ फिरनी को पक्का करने, प्रजापत धर्मशाला के साथ-साथ अन्य कुछ धर्मशालाओं को पक्का करने की घोषणा की। उन्होंने इस मौके पर गांव उमरी के तालाब की खुदाई करवाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व विधायक डाॅ. पवन सैनी, पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन धर्मबीर मिर्जापुर, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, विशेष कार्यकारी अधिकारी जवाहर यादव, जिला परिषद चेयरपर्सन कमलजीत कौर सहित अन्य लोग शामिल रहे।