कुरुक्षेत्र/पिहोवा। पिहोवा तहसील परिसर में सोमवार सुबह ही उस समय खलबली मच गई जब अचानक सीएम फ्लाइंग ने दबिश दी। टीम को न तो तहसीलदार मिले और न ही नायब तहसीलदार। टीम ने करीब साढ़े आठ घंटे तक एक-एक रिकार्ड खंगाला, कुछ रिकार्ड कब्जे में भी लिया है, जिसकी जांच बाद में की जाएगी। सीएम फ्लाइंग की इस कार्रवाई का असर दूसरी तहसीलों में भी दिखाई दिया, जहां कर्मचारी लोगों के कार्य करते में तत्परता से लगे रहे।
टीम ने सबसे पहले हाजिरी रजिस्टर कब्जे में लिया, जिससे पता चला कि तहसीलदार ने अभी तक पदभार ग्रहण नहीं किया है क्योंकि कुछ दिन पहले ही तहसीलदार की बदली हो गई थी वहीं नायब तहसीलदार कोर्ट केस के सिलसिले में जींद गए हुए थे। एक महिला कर्मी छुट्टी पर मिली, वहीं निरीक्षण के दौरान कार्यालय में मूवमेंट रजिस्टर ही नहीं पाया गया जबकि 212 इंतकाल भी ऐसे मिले, जो तय समय सीमा पार कर चुके थे लेकिन दर्ज नहीं किए गए।
हालांकि निरीक्षण के दौरान टीम को यहां ज्यादा खामियां नहीं मिलीं लेकिन कब्जे में लिए रिकार्ड को बारीकी से खंगाला जाएगा। टीम ने यह कार्रवाई एसआई राजबीर सिंह के नेतृत्व में की तो इसमें एएसआई रविंद्र कुमार, प्रवेश कुमार व प्रवीन कुमार भी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसडीओ जितेंद्र मेहता बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
जांच के दौरान नहीं मिली ज्यादा खामियां : राजबीर
एसआई राजबीर सिंह का कहना है कि जांच के दौरान ज्यादा खामियां नहीं पाई गईं, हालांकि कुछ रिकार्ड कब्जे में लिया है, जिसकी जांच की जानी है। कर्मचारी भी अपनी हाजिरी पर सतर्क मिले लेकिन 212 इंतकाल लंबित मिले और मूवमेंट रजिस्टर भी नहीं मिला।