शाहाबाद। नगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत सेनेटरी इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार की अगुवाई में नगरपालिका सफाई कर्मचारियों ने शहर के सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों की स्वच्छता का सर्वे किया। सर्वे के दौरान कर्मचारियों द्वारा स्कूल स्टाफ को कचरा प्रबंधन की तमाम जानकारियों से अवगत करवाया गया। न.पा. कर्मचारियों ने विशेष रूप से गीले व सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाने एवं कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंक कर एक निश्चित स्थान अथवा कूड़ा इकट्ठा करने वाली गाड़ी में डालने को लेकर जागरूक किया।
सेनेटरी इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के अंतर्गत आज स्कूलों के सर्वे में स्वच्छता के लिए विश्वास पब्लिक स्कूल को प्रथम, माता रुकमणि राय आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल को द्वितीय तथा गीता विद्या मंदिर को तृतीय स्थान मिला। सर्वे में पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने वाले स्कूलों को नगरपालिका की तरफ से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। सर्वेक्षण में कृष्ण कुमार, विक्रम विक्की, विकास, चंद्रकांत एवं महिपाल आदि नगरपालिका कर्मचारी शामिल रहे।