कुरुक्षेत्र। सीसीटीवी फुटेज में दिखाए दे रहे आरोपी।
कुरुक्षेत्र। शहर में एक हजार से ज्यादा जगह से सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद प्रॉपर्टी डीलर के घर फायरिंग करने के मामले के तीन शूटर सीआईए-दो के हत्थे चढ़ गए। सीआईए-दो ने फुटेज खंगालने के साथ हर लोकेशन से उनके मोबाइल डंप का मिलान किया। आखिर में टीम ने ब्रह्मा चौक के पास से तीन आरोपी शुभम उर्फ साहिल, दीपक उर्फ तोता व नितेश उर्फ नितिन निवासी प्रेम नगर को दबोच लिया, जबकि एक आरोपी राहुल फरार चल रहा है।
वारदात के वक्त चारों आरोपी घटनास्थल पर ही मौजूद थे। आरोपी राहुल व शुभम ने बाइक पर आकर प्रॉपर्टी डीलर के घर पर गोलियां चलाई थी, जबकि दीपक और नितेश इलाके में निगरानी कर रहे थे। इस दौरान आरोपी मोबाइल के जरिए कनेक्ट थे। पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक भी साफ कर चुके हैं कि वारदात के वक्त उनको कोई बाहर से फायरिंग करने के निर्देश दे रहा था।
उधर, प्रॉपर्टी डीलर जय प्रकाश भी बयान दे चुके हैं कि वारदात से पहले उनके व्हाट्सएप नंबर पर 10 कॉल आई थी। फायरिंग के कुछ देर बाद ही मैसेज भेजकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। साथ ही वॉइस मैसेज में धमकाया गया कि अभी चार गोली घर पर चली है। पैसे नहीं दिए तो अगला नंबर उसका होगा। पुलिस घटनास्थल से लेकर ब्रह्मा चौक तक फुटेज और मोबाइल डंप के सहारे आरोपी तक पहुंच गई।
आरोपियों पर पहले भी दर्ज कई मामले
पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी शुभम के खिलाफ थाना कृष्णा गेट में वर्ष 2020 में मारपीट तथा वर्ष 2021 में डकैती का मामला दर्ज है। आरोपी राहुल के खिलाफ वर्ष 2018 में जिला कुरुक्षेत्र के महिला थाना में किडनैपिंग, पॉक्सो एक्ट और एक मामला आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है।
फुटेज खंगालते गए और डंप से मिलान करते रहे
सीआईए-दो के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि आरोपियों की धर पकड़ के लिए उनकी टीम ने शहर में एक हजार से ज्यादा जगह से सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जिस जगह की फुटेज में आरोपी दिखे वहां उनके मोबाइल लोकेशन का डंप भी उठाया गया। उनकी टीम ने घटनास्थल पर भी इस तकनीक का इस्तेमाल किया। इस तकनीक के साथ उनकी टीम आरोपी तक पहुंच गई।