संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सर्व कर्मचारी श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग के लिए प्रदेशभर के चौकीदारों की ओर से सोमवार को प्रस्तावित दिल्ली कूच फिलहाल स्थगित कर दिया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद चौकीदारों ने सरकार को अपनी मांगों पर निर्णय लेने के लिए 15 दिन का समय दिया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों से चौकीदार पिपली स्थित देवीलाल पार्क में एकत्रित हुए। दोपहर तक करीब 400 चौकीदार वहां पहुंच चुके थे और दिल्ली कूच की तैयारियां चल रही थी।
इसी दौरान कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने चौकीदारों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। बैठक में उपायुक्त ने उनकी मांगों के समाधान के लिए तीन दिन का समय मांगा और बुधवार तक सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उपायुक्त के आश्वासन के बाद चौकीदारों के प्रतिनिधिमंडल ने पार्क में बैठक कर आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार और प्रशासन को 15 दिन का समय दिया जाए। यदि निर्धारित अवधि के भीतर मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के चौकीदार दोबारा एकत्रित होकर दिल्ली कूच करेंगे।
हालांकि दिल्ली कूच स्थगित करने के फैसले को लेकर कुछ चौकीदारों ने नाराजगी भी जताई और तत्काल दिल्ली रवाना होने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान राज्य प्रधान बुधराम ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती है तो वह स्वयं सरकार का पुतला दहन करेंगे और अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
बुधराम ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती से बातचीत हुई है। उन्होंने तीन से पांच दिनों के भीतर मांगों के समाधान का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने बताया कि उपायुक्त ने बुधवार को प्रतिनिधिमंडल को दोबारा बुलाया है और ऑनलाइन माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत कर मांगों पर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है।