संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के बाल रोग विभाग में बाल दिवस पर स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों और अभिभावकों को पोषण, स्वच्छता और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विभागाध्यक्ष प्रो. वैद्य शंभू दयाल शर्मा ने कहा कि बच्चों का समग्र विकास संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित दिनचर्या पर निर्भर करता है। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे बच्चों को मौसमी फल, सब्जियां, दालें, दूध और घर का ताजा भोजन दें तथा जंक फूड से पूरी तरह बचाएं।
प्रो. अमित कटारिया ने बताया कि संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद, साफ-सफाई और समय पर स्वर्ण प्राशन/टीकाकरण बच्चों की प्रतिरक्षा क्षमता को मजबूत बनाने के मुख्य आधार हैं। डॉ. सुधीर मलिक ने कहा कि उचित पोषण बच्चों की स्मरण शक्ति, मानसिक विकास और शारीरिक वृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान पीजी स्कॉलर्स डॉ. आरती, डॉ. किरण और डॉ. प्राची समेत अन्य उपस्थित रहे।