नगर परिषद की सोमवार को पहली बैठक आयोजित की गई। इसमें उम्मीद थी कि चेयरपर्सन उमा सुधा कुछ नए प्रस्तावों पर चर्चा करेंगी। पार्षदों की समस्या सुनेंगी और भावी योजनाओं पर अपनी बात कहेंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रस्ताव रखे भी गए, सुने भी गए, मंजूरी भी मिली, लेकिन लगभग पूरी बैठक में चेयरपर्सन खामोश ही रहीं। दरअसल, बैठक में विधायक सुभाष सुधा भी आए थे। नगर परिषद की पहली बैठक को उन्होंने ही संभाला। सारे प्रस्ताव सुने, नई योजनाओं पर चर्चा की और कुछ घोषणाएं भी कीं।
सोमवार को नगर परिषद की नवनिर्वाचित टीम की पहली बैठक थी। कायदे से इस बैठक में चेयरपर्सन की ही अहम भूमिका होती है, लेकिन विधायक की मौजूदगी में चेयरपर्सन लगभग खामोश ही रहीं। बैठक में छह मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें विकास कार्यों के संबंध में चर्चा की गई। सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा हुडा सेक्टरों को परिषद में शामिल करने का था।
हालांकि यह औपचारिकता के तौर पर ही शामिल किया गया था, क्योंकि इसका निर्णय राज्य सरकार ले चुकी है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने, थानेसर में विकास कार्यों के लिए टेंडर की स्वीकृत कराने सहित कुल 6 मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता नप चेयरपर्सन उमा सुधा ने की जबकि उनके साथ उनके पति थानेसर विधायक सुभाष सुधा महत्वपूर्ण भूमिका में काबिज रहे। सुबह 10 बजे शुरू हुई इस बैठक में पार्षदों ने सबसे ज्यादा साफ सफाई को लेकर चर्चा की। नए पार्षदों ने कहा कि उन्हें भी कुछ बोलने का मौका मिलना चाहिए ताकि उनकी भी पहचान बन सकें।
साफ-सफाई को लेकर बनाई पार्षदों की कमेटी
नप थानेसर के प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई व अन्य परेशानियों को लेकर बैठक में तीन पार्षदों की एक कमेटी का निर्माण किया गया है। इसमें सभी पार्षद अपनी-अपनी समस्याएं देंगे। इस पर कमेटी गौर कर पूरा करेगी। यहीं नहीं यह कमेटी किए गए काम को नियमित रूप से चेक भी करेंगे। इस कमेटी में पार्षद विशाल शर्मा, मीनू कोहली, अनु मेहता शामिल हैं।
बैठक में चली गई बिजली
नप की पहली बैठक में ही अलग सा नजारा देखने को मिला। पहली बैठक में अभी 50 मिनट ही चली थी कि अचानक बिजली चली गई। इसके बाद कम रोशनी व उमस के बीच पार्षद बैठे रहे और एजेंडों पर बात करते रहे। तब कहीं जाकर करीब 5 मिनट बाद बिजली आ गई। इसके बाद सभी पार्षदों ने राहत की सांस ली।
दो पार्षदों की जगह पहुंचे परिजन
नगर परिषद की पहली बैठक में ही पार्षदों के अलावा उनके परिजन भी पहुंचे। इससे विधायक व नप अध्यक्ष सोचने पर मजबूर हो गए। इसमें वार्ड नं 10 के सुनीता शर्मा की जगह योगेश शर्मा, वार्ड नं 29 से अनु मेहता के स्थान पर विवेक मेहता मौके पर मौजूद रहे। वे वार्ड से संबंधित समस्याओं पर डटकर बोले।
हर वार्ड में खड़ी की जाएंगी ट्राली
अब शहर व हुडा सेक्टरों में गंदगी उठाने के लिए वार्ड के एक चिह्नित जगह पर ट्रैक्टर-ट्राली रखी जाएगी। इसमें वार्डवासी कूड़ा व गंदगी डालेंगे वहीं जब यह ट्राली भर जाएगी तो नई ट्राली वहां पर खड़ी कर दी जाएगी।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लगाने का दावा
नप की बैठक में पहुंचे थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि एक साल तक शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए विधायकों की एक बैठक में चर्चा की गई है और जल्द ही इसे अंबाला की तर्ज पर ही कुरुक्षेत्र के आसपास बनाया जाएगा।
सेक्टर-30 और ग्लोबल सिटी को नप में जोड़ने पर चर्चा
ग्लोबल सिटी और सेक्टर-30 को नगर परिषद में शामिल करने पर भी बैठक में चर्चा की गई। इस पर विधायक ने सुझाव मांगा कि नप को क्या करना होगा? इस पर पार्षदों व नप अधिकारियों ने अपने-अपने तर्क दिए। इसके बाद हुडा विभाग से अनुमति के बाद ही इन पर एक्शन लेने की बात हुई।
विकास कॉलोनी में विकास की सख्त जरूरत
वार्ड 25 के पार्षद नरेंद्र ने कहा कि विकास कॉलोनी 1982 में वैध हो गई थी लेकिन अभी तक वहां पर तंग गलियां और सीवेज से परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस पर विधायक ने कहा कि जल्द ही कॉलोनी में विकास कार्य शुरू किया जाएगा। यहीं नहीं पार्षद ने अध्यक्ष से कमेटी के कर्मचारियों की सूची प्रदान करने की बात कही ताकि किसी भी योजना के लिए वे फोन पर ही जानकारी ले लें।
शहर का प्रत्येक चौक होगा छोटा व सुंदर : विधायक
विधायक ने कहा कि उन्होंने शहर की धार्मिक संस्थाओं से बातचीत की है और शहर के मार्गों पर स्थित सभी चौक को एक समान व सुंदर बनाने के प्रावधान पर बातचीत की गई है। इस पर जल्द की काम शुरू हो जाएगा।
बैठक के महत्वपूर्ण बिंदु
- छाया रहा वार्ड की समस्याओं का मामला
- नप कमेटी के तीन सदस्य सुनेंगे स्वच्छता पर समस्याएं
- नप पार्षदों को पहली बार मिलेंगे आई कार्ड
- अब वार्ड में लगेंगी एलईडी लाइट्स
- हुडा के हर वार्ड में सफाई कर्मियों का रहेगा ब्योरा
- इस साल हर हाल में बन जाएगा सॉलिड वेस्ट प्लांट
- हुडा की सभी सड़के होगी ब्लॉक से निर्मित
- शहर के चारों ओर लगेंगे बोर्ड-शहर थानेसर नगर परिषद आपका स्वागत करती है
- बिना अनुमति के नप एजेंडा बैठक के फोटो करने पर निकाला बाहर
- बैठक से पहले ही बाहरी व्यक्तियों को बाहर जाने को कहा
- थानेसर के विधायक ने बैठक में लिए निर्णय
- शहर को मिलेंगे 150 डंपर
- विधायक ने कहा, काम लिख कर दें सभी पार्षदों के वार्ड का होगा विकास
- वार्ड में कार्यरत स्वीपर का ट्रांसफर न किया जाए : पार्षद शर्मा
- अब सेक्टरों में चलाए जाएंगे डंपर : विधायक सुधा
- वार्ड के काम करने के लिए वार्डवाइज टेंडर जारी किए जाएंगे
- शहर भर में लगेंगे, स्वच्छ कुरुक्षेत्र स्लोगन