थानेसर विधायक सुभाष सुधा के बड़े भाई समाजसेवी रमेश सुधा की 29 सितंबर 2020, अध्यापक संघ के जिला प्रधान सतबीर नरवाल की 25 अप्रैल को और एलएनजेपी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में सेवाएं दे रहे आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविकांत की 4 मई को कोरोना से मौत हुई थी। अब तक कुरुक्षेत्र में 350 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
हम पूरी तरह अलर्ट हैं
उपायुक्त मुकुल कुमार का कहना है कि कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर को जहन में रखते हुए जिला प्रशासन अभी से व्यवस्था बनाने में जुटा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग से समय-समय पर रिपोर्ट मांगी जा रही है। दूसरी लहर में जिस तरह से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई, अब प्रयास कर रहे हैं कि लोगों को ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, बेड और दवा की कोई किल्लत न हो। हम पूरी तरह अलर्ट हैं।
कोविड नियमों को मानना होगा
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग का कहना है कि पुलिस ने कोरोना वायरस की पहली और दूसरी लहर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिस ने लोगों को महामारी के प्रति जागरूक भी किया है और गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी। पुलिस जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने के साथ आमजन की सेवा करने के लिए हमेशा तत्पर है।
जागरूकता से ही मिलेगी पूरी जीत
जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग संभावित तीसरी लहर को देखते हुए तैयारियां कर रहा है। सभी निजी अस्पताल से बेड और ऑक्सीजन संबंधित जानकारी जुटाई गई है, ताकि समय रहते सभी तैयारी पूरी हो सके, लेकिन उन्होंने कहा है कि अगर आमजन कोरोना गाइडलाइन का स्वेच्छा से पालन करेंगे तो संभावित तीसरी लहर को रोका जा सकता है। उन्होंने अपील की है कि सभी कोरोना गाइडलाइन का पालन करें।