लाडवा। इंद्री मार्ग पर बपदा कॉलोनी के पास सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में कृपाल सिंह वासी सूरा ने बताया कि उनके घर उसकी साली पुष्पा रानी निवासी मदन एन्क्लेव कॉलोनी मल्हीपुर रोड सहारनपुर उत्तर-प्रदेश आई हुई थी। शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे उसकी पत्नी कुसुम देवी व साली पुष्पा रानी अपनी एक्टिवा पर सवार होकर अपनी रिश्तेदारी गीता कॉलोनी इन्द्री रोड लाडवा में जाने के लिऐ निकले थे। जब वह साढ़े 10 बजे गीता कॉलोनी के कट पर पहुंचे तो उसने अपनी एक्टिवा को कट से पहले डिवाइडर साइड में सड़क को क्राॅस करने के लिए रोक लिया था, उसी समय पीछे से आ रही एक गाड़ी ने उसकी एक्टिवा में टक्कर मार दी जिस कारण वह, उसकी पत्नी व साली तीनों एक्टिवा सहित सड़क पर गिर गए जिससे तीनों को काफी चोट लग गई। सड़क पर गिरा देख आसपास के लोगो व राहगीरों ने उन्हें उठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डाॅ. ने जांच कर उसकी साली को मृत घोषित कर दिया जबकि उसे व उसकी पत्नी को इलाज के लिए एलएनजेपी कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई है जबकि दंपती घायल है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।