लाडवा। दुर्घटना ग्रस्त कार। संवाद
लाडवा। रादौर मार्ग पर बिजली पावर हाउस के पास एक गाड़ी के आगे अचानक आवारा पशु आने से कार दुर्घटना ग्रस्त हो गई। इससे कार सवार हंसराज, उनकी पत्नी नीलम, बेटा आर्यन और पिता धर्मपाल बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस व राहगीरों की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उपचार के दौरान पिता धर्मपाल की मौत हो गई।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में हंसराज निवासी गुमथला रादौर यमुनानगर ने बताया कि वे सरकारी शिक्षक हैं। मंगलवार को वे अपने परिवार के साथ कुरुक्षेत्र सहित एक निजी होटल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। इसके बाद लगभग डेढ़ बजे वे कुरुक्षेत्र से घर जाने के लिए निकले थे। लगभग दो बजे जैसे ही वे बिजली दफ्तर के सामने पहुंचे तो अचानक एक लावारिस पशु के कार के आगे आने से कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इससे कार में बैठी उनकी पत्नी नीलम, बेटा आर्यन और उनके पिता बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों व डायल 112 की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एलएनजेपी कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें उपचार के लिए आदेश अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनके पिता धर्मपाल को मृत घोषित कर दिया।