कुरुक्षेत्र। महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल।
- फोटो : Kurukshetra
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल सहित सभी खिलाड़ियों ने ओलंपिक में पुरुष हॉकी की शानदार जीत पर कप्तान सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है। रानी रामपाल ने कहा कि पुरुष टीम ने 41 साल के बाद इतिहास रचा है, जिसके लिए इस टीम का प्रत्येक खिलाड़ी प्रशंसा का पात्र है। फोन पर बातचीत में रानी रामपाल ने कहा कि पुरुष हॉकी की जीत से महिला हॉकी टीम के भी हौसले बुलंद हैं और निश्चित तौर पर शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ कांस्य पदक के लिए खेले जाने वाले मैच में भारतीय टीम जीत दर्ज करके रिकार्ड कायम करेगी।
कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि शुक्रवार के मैच में भारतीय महिला टीम भी अपने कलात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अवश्य ही देश की झोली में डालेगी। कहा कि टीम अपने खेल में कोई कसर नहीं छोड़ेगी और पूरे देश से अपील है कि सभी हाथ जोड़कर उनकी जीत के लिए प्रार्थना और अरदास अवश्य करें। कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि इस बार भारतीय महिला व पुरुष हॉकी टीमों का ओलंपिक टोक्यो में उम्दा प्रदर्शन भारतीय हॉकी के उत्थान के लिए संजीवनी है। भारतीय महिला हॉकी टीम इंग्लैंड के खिलाफ कुछ कर गुजरने की सोच के साथ मैदान में उतरेगी।