कुरुक्षेत्र। लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल के शिशु वार्ड से सांस अभियान का शुभारंभ सिविल सर्जन कुरुक्षेत्र डाॅ. सुखबीर सिंह ने किया। डाॅ. सुखबीर सिंह ने बताया कि निमोनिया के कारण होने वाली मृत्यु को कम करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार के द्वारा 28 फरवरी 2024 तक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान आशाकर्मी घर-घर जाकर 0 से पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगी। निमोनिया के संदिग्ध बच्चों को इलाज व जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में निमोनिया के मरीजों की विशेष देखभाल की जाएगी। पांच वर्ष तक के बच्चों में लगभग 16 फीसदी मौत निमोनिया के कारण होती है, जिसकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीसीवी टीकाकरण किया जा रहा है। निमोनिया रोचक पीसीवी वैक्सीन की पहली डोज डेढ़ माह पर, दूसरी डोज साढ़े तीन माह पर तथा बूस्टर डोज नौ माह पर लगाया जाती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. मनीषा सिंह ने बताया कि इस अभियान में आवश्यक घर-घर जाकर पीसीवी टीकाकरण से रह गए बच्चों की सूची तैयार कर उनका टीकाकरण कराएगी। निमोनिया के लक्षणों व घरेलू उपचार के बारे में भी बताएंगी। निमोनिया के मुख्य लक्षणों में खांसी जुकाम का बढ़ना, तेज बुखार, तेज सांस, सांस लेते समय छाती का धंसना, झटके आना, सुस्ती व अधिक नींद आना आदि होते हैं। इसलिए पांच वर्ष तक के बच्चों के अभिभावक सर्दी के मौसम में अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। निमोनिया रोधक पीसीवी टीकाकरण करवाएं तथा निमोनिया के लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। संवाद