कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। ठोल गांव के निकट नेशनल हाईवे 152 पर देर रात उस समय बड़ा हादसा बच गया जब घने कोहरे के चलते एक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई।
बस में छह के करीब सवारियां थीं जिन्हें सही सलामत निकाल लिया गया। मामूली चोट के चलते उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद घर भेज दिया गया। निजी बस अंबाला से पिहोवा की ओर आ रही थी। ठोल गांव के निकट जैसे ही बस पहुंची तो अधिक कोहरे के कारण बस चालक किसी अन्य वाहन को बचाने के चक्कर में अपना संतुलन खो बैठा और बस साइड में अंडरपास के लिए बन रही सर्विस लेन पर पलट गई।
सवारियों की चीख पुकार और बस पलटने के शोर से आसपास के ढाबों के संचालक व बैठे लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बस का अगला टूटा हुआ शीशा हटाकर सवारियों को सही सलामत बाहर निकाल लिया। इस दुर्घटना में दो लोगों को मामूली चोट लगी थी। उनको उपचार के बाद अपने अपने घर भेज दिया। इस बारे में किसी ने भी पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। संवाद