कुरुक्षेत्र। सन्निहित सरोवर के टूटे पड़े पत्थर। संवाद
कुरुक्षेत्र। पवित्र सन्निहित सरोवर के पत्थर अब टूटे हुए नहीं रहेंगे, इन्हें बदला जाएगा। इसके साथ ही सरोवर परिसर में लगे पुराने होर्डिंग और बोर्ड आदि भी हटाए जाएंगे। इस पर करीब 90 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने खाका तैयार किया है।
सन्निहित सरोवर पर लंबे समय से अनेक जगह पत्थर खस्ताहाल हो चुके हैं। इससे न केवल श्रद्धालुओं को परेशानी होती है बल्कि केडीबी की अनदेखी भी सामने आ रही है। ऐसे में श्री ब्राह्मण तीर्थोद्वार सभा भी कई बार सरोवर के सौंदर्यीकरण करने की मांग उठा चुकी है।
वहीं श्रद्धालु भी लगातार की जाती रही अनदेखी पर रोष जताते रहे हैं। अब केडीबी ने सभी खराब हुए पत्थरों को हटाने का फैसला लिया है। इसके साथ ही सरोवर परिसर में लगे पुराने बोर्ड व अन्य खंडहरनुमा चीजें भी हटाई जाएंगी या फिर उनका जीर्णोद्धार किया जाएगा।
वामन पुराण में भी सन्निहित सरोवर का जिक्र : कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानव सचिव उपेंद्र सिंगल ने कहा कि वामन पुराण के अनुसार कुरुक्षेत्र का सन्निहित सरोवर पितृ तर्पण, पिंडदान और अमावस्या की पूजा का एक विशिष्ट स्थान है। पौराणिक समय में इसका विस्तार आठ कोस का बताया गया है।
कुरुक्षेत्र। सन्निहित सरोवर के टूटे पड़े पत्थर। संवाद