अंबाला-राजगढ़ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को युवती का अर्धनग्नावस्था में जला हुआ शव मिला था। शव के पोस्टमार्टम के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि युवती के शव को जलाने से पहले उसकी हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम में पता चला है कि गर्दन की हड्डी तोड़ी गई तो छाती पर 16 से ज्यादा बार चाकू से वार करके युवती की हत्या की गई थी। युवती के साथ दुष्कर्म होने की संभावना जताई जा रही है, जो एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।
सदर थाना प्रभारी विक्रांत सिंह ने बताया कि युवती की उम्र करीब 18 वर्ष थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि शव को जलाने से पहले युवती की हत्या की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार हत्या से पहले उसके शरीर पर चाकू से वार किए गए व गर्दन की हड्डी तोड़ी गई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि अक्सर ऐसी घटना में पाया जाता है कि दुष्कर्म के बाद युवती को मौत के घाट उतार दिया जाता है। लेकिन अभी तक इस घटना में यह पुष्टि नहीं हो पाई। शव का विसरा लेकर मधुवन भेजा गया है। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही सारी बातें स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया कि हत्यारों ने युवती की पहचान छुपाने के लिए हत्या के बाद शव को जला दिया। युवती की पहचान ना होने पर युवती के शव को एक संस्था को सौंप कर युवती का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।