शाहाबाद। शाहाबाद-झांसा रोड पर गांव दयाल नगर के रेलवे फाटक नंबर-97 के टूटने से लगभग एक घंटे तक रेल और सड़क मार्ग प्रभावित रहा। हादसा एक ट्रक की टक्कर से हुआ।
फाटक टूटने के कारण जहां रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ को परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं आम जनता को भी भारी परेशानियाें का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक ट्रक को लेकर दयाल नगर स्थित रेलवे फाटक नंबर-97 पर पहुंचा।
ब्रेक न लगने के कारण ट्रक फाटक में जा घुसा और उसे तोड़ता हुआ रेलवे लाइन क्रॉस कर गया और फिर ट्रक की टक्कर से अगला फाटक भी टूट गया। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना जीआरपी कुरुक्षेत्र को दी।
जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक को कब्जे में किया और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फाटक टूटने के कारण जनता को क्रॉसिंग से रोकने के लिए रेलवे को विशेष व्यवस्था करनी पड़ी, जिस कारण दोनों ओर आने-जाने वाले वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोपहर 12 बजे दोनाें फाटक ठीक कर दिए थे।
फाटक ठीक होने के बाद ही फाटक के दोनों ओर से यातायात की आवाजाही शुरू हुई और लोगों को जाम से निजात मिली।