पिहोवा। श्री चंद्र मार्केट में एक बुटीक में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पाकर दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुकान में रखे कपड़े, मशीन, एसी, फर्नीचर सहित अन्य सामान जल चुका था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना वीरवार रात 11 बजे की बताई गई है।
दुकानदार सुरेंद्र सिंह वासी शास्त्री कॉलोनी ने बताया कि उसने श्री चंद्र मार्केट में बुटीक खोला हुआ है। वीरवार की रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान को बंद करके घर चले गए थे। करीब पौने 12 बजे दुकान के मालिक ने उसे फोन पर सूचना दी कि उसकी दुकान में आग लगी हुई है। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचा तथा शटर खोलकर आग बुझाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। मगर उससे पहले ही उसकी दुकान में रखा सामान जलकर राख हो चुका था। इससे उसका डेढ़ से दो लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।