हरियाणा के समाज कल्याण एवं अधिकारिता विभाग के महानिदेशक राजीव रंजन ने कहा कि फर्जी पेंशन लेने वालों की जानकारी अब अब विभाग की वेबसाइट पर गोपनीय कॉलम में फीड की जाएंगी। यह काम बैंक अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी करेंगे। इस डाटा के आधार पर संबंधित जिले के समाज कल्याण अधिकारी से वेरिफिकेशन करवाया जाएगा। यदि पेंशन लेने में गड़बड़ मिलती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पेंशनधारकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 0172-2774017 और 0172-2775017 शुरू किए हैं। पेंशनधारक इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। राजीव रंजन शुक्रवार को स्थानीय पंचायत भवन के सभागार में विभिन्न बैंकों, डाकघरों, पेक्स ग्रामीण बैंकों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 50 प्रतिशत से ज्यादा खातों को अपलोड न करने वाले करीब 200 से ज्यादा गांव की रिपोर्ट सबके सामने पेश की। इसके साथ ही सभी बैंक और एजेंसियों के अधिकारी से पेंशनधारकों के खाते खोलने और डाटा अपलोड करने के लिए कहा। लोगों से कहा कि यदि किसी पेंशनधारक को कोई समस्या सामने आती है या कोई अधिकारी उन्हें तंग करता है, तो वह विभाग द्वारा शुरू की गई हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकता हैं। अभी तक कुरुक्षेत्र जिले से 24 लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई हैं। उन्होंने यह सूची उपायुक्त को सौंपते हुए शिकायतों को दूर करने के लिए कहा। इस मौके पर एडीसी प्रभजोत सिंह, सीटीएम डॉ. पूजा भारती, डीएसडब्लयूओ सुरजीत कौर आदि अधिकारी मौजूद रहे।
एक सप्ताह में सुधारें हालात उन्होंने बताय कि अधिकारी उन पेंशनधारकों की शिकायत विभाग की वेबसाइट के गोपनीय कॉलम में दर्ज करें, जिन पर शक है। इस डाटा को संबंधित जिले के समाज कल्याण अधिकारी के पास वेरिफिकेशन के लिए भेजा जाएगा। सूचना सही मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के साथ रिकवरी भी की जाएगी। सभी अधिकारी दो पेंशन लेने वाली विधवाओं के खाते अलग-अलग खुलवाएं। सख्त निर्देश दिए कि एक सप्ताह में सभी अधिकारी अपनी परफोर्मेंस सुधार लें। उन्होंने एक्सिस बैंक की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि दो दिन के अंदर खाते अपलोड नहीं किए गए, तो पूरे प्रदेश में एक्सिस बैंक के साथ सरकारी व्यवसाय बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही आगामी कार्रवाई के लिए बैंक के मुख्यालय को लिखा जाएगा।
एसबीआई की रेलवे रोड शाखा पर दिखे नाराजउपायुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए की जो भी सूची प्रशासन ने सौंपी है, उसे दो दिन में अपलोड कर दिया जाए। उन्होंने रेलवे रोड पर स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा के बैंक मैनेजर की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि दो दिन में इस शाखा के अधिकारी ने खातों को अपलोड नहीं किया, तो सभी सरकारी खातों के व्यवसाय को रोक दिया जाएगा। बैंक मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यालय को लिखा जाएगा।