फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहरवासियों को जाम से मिलेगी निजात, नगर परिषद की पार्किंग होगी निशुल्क

Fri, 02 Oct 2015 01:04 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
त्योहारों के सीजन में शहरवासियों को बाजारों में आने वाली दिक्कतों से बचाने के लिए बृहस्पतिवार की शाम डीसी सीजी रजीनिकांतन और एसपी सिमरदीप सिंह मुख्य बाजार में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों के साथ नगर परिषद कार्यालय में बैठक की और साथ ही सारे बाजार का घूम कर जायजा भी लिया।
विज्ञापन


शहर के बाजारों का अवलोकन करने के बाद डीसी ने बाजार की व्यवस्था सुधारने के लिए आश्वासन भी दिया और इसी कड़ी में बाजार से वाहनों के जाम को दूर करने के लिए जहां दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही कई माह से बंद पड़ी नगर परिषद की पार्किंग को भी निशुल्क शुरू करने के आदेश जारी कर दिए। इसके साथ ही उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे स्वयं अपने बाजार की व्यवस्था को सुधारने के लिए अतिक्रमण न करें।

शहर के मुख्य बाजार में फिलहाल स्थिति काफी खराब है। हर समय जाम लगा रहता है। बाजार में हालात ऐसे हैं कि वाहन तो दूर पैदल भी निकलना दूभर हो जाता है। त्योहारों के दिनों में बाजार के हालात और भी ज्यादा विकट हो जाते हैं। इन्हीं सब परिस्थितियों का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को डीसी सीजी रजीनिकांतन और एसपी सिमरदीप सिंह दलबल के साथ नगर परिषद के कार्यालय पहुंचे।
विज्ञापन


ये बोले दुकानदार
बैठक में मौजूद व्यवसायियों ने शहर के सभी बाजारों, चौक, चौराहों और रेलवे फाटक के आसपास फैले अतिक्रमण के बारे में जानकारी दी। बैठक में व्यवसायी मक्खन लाल, सुनील कक्कड़, फते चंद गांधी, नवीन गोयत, दीपक सिंगला आदि ने कहा कि शहर के बाजारों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। हालात ये हैं कि बाजारों में डस्टबिन या तो नजर नहीं आते और नजर आते भी हैं तो वह काफी दूर दूर हैं।

इसके साथ ही उन्होंने बाजार की सबसे बड़ी समस्या जाम का उल्लेख किया। उनका कहना था कि बाजार में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है इसलिए ग्राहकों के वाहनों के कारण जाम लगा रहता है। यदि पार्किंग की सुविधा मिल जाए तो जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बाजार में चोरी की घटनाओं को लेकर भी रोष जताया और साफ कहा कि सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। उनका कहना था कि बाजार में वन वे किया जाए और पुलिस को तैनात किया जाए खासकर राजकीय कन्या विद्यालय की छुट्टी के समय यहां भीड़ ज्यादा हो जाती है, ऐसे में यहां पुलिस बल की तैनाती अनिवार्य है।

एसपी और डीसी ने दिए हालात सुधारने का आश्वासन
व्यवसायियों के साथ करीब एक घंटे तक चली बैठक के दौरान डीसी सीजी रजीनिकांतन ने उन्हें पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कई माह से नगर परिषद की बंद पड़ी पार्किंग को लोगों के लिए निशुल्क खोलने के आदेश जारी करते हुए नप प्रबंधन को कहा कि इसे कमाई का साधन न बनाएं बल्कि लोगों को सुविधा प्रदान करें। इसके साथ ही उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि वे भी प्रशासन की इस मुहिम में साथ दें तभी सही मायनों में हालात सुधर सकते हैं।

इसके लिए सबसे पहले दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाना होगा और साथ ही जिन दुकानदारों ने बाहर तक दुकान बढ़ा ली है उसे अपनी हद तक करना होगा। इसके साथ ही मार्केट में सुरक्षा के लिए चौकीदारों की नियुक्ति भी कराई जाए क्योंकि मौजूदा समय में केवल 4 ही चौकीदार हैं। इसलिए इनकी संख्या बढ़ाई जाए।

दुकानदारों को चेतावनी भी दी
इस दौरान डीसी रजीनिकांतन ने दुकानदारों को चेतावनी भी दी। उन्होंने साफ कहा कि जिन दुकानदारों ने जाम की स्थिति में काबू पाने में सहयोग नहीं दिया गया तो प्रशासन उन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका नाम व फोटो के साथ समाचार-पत्रों देगी कि ये दुकानदार प्रशासन का सहयोग नहीं दे रहे हैं, इसलिए उनसे कोई सामान न खरीदे।

बाजार में तैनात होगी पुलिस
एसपी सिमरदीप सिंह ने दुकानदारों की बात सुनने के बाद साफ कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए गर्ल्स स्कूल की छुट्टी के समय पुलिस बाजार में चौकसी बरतेगी। ताकि बाजार में एक तो जाम न लगे और दूसरा लड़कियों को जाते हुए कोई परेशानी न हो। इसके लिए कृष्णा गेट चौकी प्रभारी को भी मौके पर ही कड़े निर्देश दिए। बाजार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाजार में स्कूल की लोकेशन की भी जांच की।

रेहड़ी फड़ी वालों को मिलेगा स्थान
रेहड़ी-फड़ी वालों को एक स्थान दे दिया जाएगा जिसमें केवल रेहड़ी-फड़ी वाले खड़े होकर अपना सामान बेचेंगे। ताकि जाम की परेशानी का हल हो सके। इसके लिए जल्द ही बैठक भी आयोजित की जाएगी।

अमर उजाला की खबर को लेकर भी हुई चर्चा
दुकानदारों ने अमर उजाला की खबर का हवाला देते हुए कहा कि शहर में हर जगह गंदगी है। शहर के हर क्षेत्र में गंदगी का माहौल है। दुकानदारों ने कहा कि शहर में बहुत दूर-दूर कूड़ादान रखे है जिसका भी शहर में गंदगी का माहौल है। शहर में कोई भी फुटपाथ नहीं रहा सब पर दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है जिसके चलते राहगीरों को परेशानी होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें