कुुरुक्षेत्र। गत सप्ताह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 25 वर्षीय युवती का शव मंगलवार को नरवाना ब्रांच नहर ज्योतिसर हेड से बरामद हुआ। शव नहर में एकत्रित कबाड़ के बीच में फंसा हुआ था। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना गोताखोर प्रगट सिंह को दी, जिसके बाद उनकी टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया यह भी जा रहा है कि बस से यह युवती दूसरे गांव शांति नगर कुरड़ी नहर के पुल पर पहुंची थी, जहां से उसने नहर में छलांग लगा दी थी तभी से परिजन और पुलिस उसकी तलाश नहर में कर रहे थे।
पुलिस को दिए बयान में कर्मबीर ने बताया कि वह निजी कंपनी में बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात है। 18 अप्रैल की सुबह वह और उसके परिजन अपने-अपने काम पर चले गए थे। इस दौरान उसकी बहन कर्मवती घर पर अकेली थी। दोपहर को परिजन घर लौटे तो उसकी बहन घर पर मौजूद नहीं थी। उन्होंने उसकी आसपास और रिश्तेदारी में भी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इस पर उसने अपनी बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट शाहाबाद पुलिस में दर्ज कराई थी। उसकी बहन का किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं था। न ही उसे किसी तरह की कोई परेशानी थी, बल्कि एक दिन पहले उसकी बहन गांव से नवरात्र मेले में भी गई थी। उधर, जांच अधिकारी एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि युवती 18 अप्रैल को अचानक अपने घर से लापता हो हुई थी। मंगलवार को नहर से उसका शव बरामद हुआ है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।