इस्माईलाबाद। रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को कुरड़ी-ठोल रोड पर एक दुखद सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान अंबाला जिले के सौंटा गांव निवासी 20 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। रक्षाबंधन के ठीक एक दिन पहले हुई इस दुखद घटना ने मनप्रीत सिंह के परिवार और गांव सौंटा में शोक की लहर पैदा कर दी।
अंबाला जिले के रुद्रा कालोनी जण्डली निवासी रुपिंद्र सिंह ने थाना इस्माईलाबाद में दर्ज शिकायत में बताया कि 7 अगस्त को वह अपनी बाइक पर सवार होकर गांव कुरड़ी से अपने निजी काम निपटाकर अंबाला की ओर जा रहे थे। उनके आगे उनके ममेरे भाई मनप्रीत सिंह, जो सौंटा गांव के निवासी थे, अपने गांव के ही दो मित्रों कमलजीत और गुरदीप सिंह के साथ एक अन्य बाइक पर अंबाला की ओर जा रहे थे। जब वे गांव कुरड़ी के समीप बाबा तेजनाथ की समाधि के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मनप्रीत, कमलजीत और गुरदीप बाइक सहित सड़क पर गिर गए। वैन चालक कुछ देर रुकने के बाद मौके से भाग गया लेकिन राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत कुरुक्षेत्र के लोकनायक जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मनप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि कमलजीत और गुरदीप का उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना इस्माईलाबाद पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हादसे का कारण बनने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर जसवीर सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वैन चालक की तलाश के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।