संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। ढांड रोड पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक राहुल मिर्जापुर की खादी कॉलोनी का रहने वाला है, जिसके परिवार में हादसे के बाद मातम पसर गया। राहुल की करीब तीन साल पहले शादी हुई थी और उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। वह पलंबर का काम कर परिवार का गुजर बसर कर रहा था।
वहीं इस्माईलाबाद में समाध डेरा गुरु नानक स्कूल के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है मिर्जापुर की खादी कॉलोनी निवासी राहुल वीरवार देर शाम को बाइक पर ढांड रोड से कमोदा जा रहा था। इस दौरान विपरित दिशा से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल राहुल को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही राहुल के पिता बलबीर सिंह भी मौक पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि राहुल अपने 5 भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह अपने साले दीपक की बाइक लेकर गया था। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
दूसरे मामले में इस्माईलाबाद में हुए एक हादसे में एक बुजुर्ग घायल हो गया। अभिषेक कुमार वासी गांव ठोल ने बताया कि उसके पिता नरेश कुमार अपनी बाइक पर शांति नगर (कुरड़ी) गए थे। जहां से वे कुरुक्षेत्र ठोल रोड पर समाध डेरा गुरु नानक स्कूल के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार ने उसके पिता की बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही उसके पिता बाइक सहित सडक़ पर गिर गए। वह राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया जहां से उसके पिता को कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया। वहां से उसे पंचकूला के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। उनकी छाती की पसलियां, दोनों टांगों व बाजू में फैक्चर आ गया है तथा शरीर पर भी काफी चोटें लगी है।