संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। उमरी रोड पर शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सड़क किनारे खदान में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करनाल के सेक्टर-36 निवासी संजीव उप्पल के रूप में हुई है, जो कुरुक्षेत्र में एक निजी बैंक में कार्यरत था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार संजीव उप्पल शुक्रवार शाम कुरुक्षेत्र से बैंक की ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपनी कार से करनाल स्थित अपने घर लौट रहे थे। उमरी रोड पर विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी कार को साइड में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क से नीचे खदान में जा गिरे और वहां मौजूद पेड़ से टकरा गए। हादसे में संजीव की मौके पर ही मौत हो गई। संजीव के भाई राजेश कुमार को फोन पर हादसे की सूचना मिली। राजेश कुमार ने थाना सदर थानेसर में दी शिकायत में बताया कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शनिवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।