झांसा। कुरुक्षेत्र रोड पर ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त रोकी 22 निवासी माजरी कलां के रूप में हुई। रोकी कंबाइन चलाता था।
पुलिस में दर्ज शिकायत में राजीव निवासी झांसा ने बताया कि वह अपने मौसेरे भाई रोकी के साथ कंबाइन पर काम करके कुरुक्षेत्र रोड पर अपनी बाइक में तेल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। रोकी अपनी बाइक पर उसके आगे चल रहा था। मंगलवार रात करीब 11 बजे झांसा से थोड़ा आगे विश्वकर्मा आरा के नजदीक पहुंचे तो ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने उसके आगे चल रहे रोकी की बाइक के साइड में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के कारण रोकी बाइक सहित सड़क के साइड में गिरकर जख्मी हो गया। उसने बाइक रोककर रोकी को संभाला और एंबुलेंस की मदद से रोकी को एलएनजेपी अस्पताल लेकर गया। यहां चिकित्सकों ने रोकी की जांच करके मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक राजेश निवासी शाहाबाद मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। संवाद