कुरुक्षेत्र। गुप्त सूचना पर पुलिस ने एक व्यक्ति को काबू करके उसके कब्जे से आधा किलो अफीम बरामद की। आरोपी लाडवा की तरफ बाइक पर अफीम बेचने के लिए जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना पर नाकाबंदी करके उसे बाइक समेत काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी गुरमीत सिंह वासी निरंकारी कॉलोनी बाबैन को अदालत के आदेश से जेल भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि 15 नवंबर को सीआईए की टीम सुनारिया चौक बाबैन के पास गश्त कर रही थी, तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरमीत सिंह अफीम बेचने का धंधा करता है। वह आज शाम को अपनी बाइक पर अफीम बेचने के लिए बाबैन से लाडवा की तरफ जाएगा। अगर लाडवा रोड पर नाकाबंदी की जाए तो गुरमीत सिंह को अफीम सहित काबू किया जा सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लाडवा रोड बाबैन पर नाकाबंदी करके आने-जाने वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को बाइक चालक आता दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से आधा किलो अफीम बरामद हुई। थाना बाबैन में मामला दर्ज करके आरोपी गुरमीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।