लाडवा। इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा में शारीरिक शिक्षा विभाग एवं एनसीसी इकाई के सहयोग में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस और फिट इंडिया मूवमेंट के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने खो-खो, बैडमिंटन, रस्साकस्सी, 400 मीटर दौड़ और डॉज-बॉल जैसी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। खो-खो (महिला वर्ग) में कीरन के नेतृत्व वाला भगत सिंह दल विजेता रहा, जिसने पायल के रानी लक्ष्मीबाई दल को पराजित किया। बैडमिंटन में महक की अगुवाई वाला सुभाष चंद्र बोस दल प्रिया के मंगल पांडेय दल पर भारी पड़ा।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को चार दलों भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई और मंगल पांडेय में विभाजित किया गया। रस्साकशी में मंगल पांडेय दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुभाष चंद्र बोस व भगत सिंह दल को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, डॉज-बॉल प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि एडवोकेट रमन कुमार कंबोज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में ऊर्जा और जोश से आगे बढ़ेंगे तो सफलता निश्चित ही उनके कदम चूमेगी। प्राचार्य डॉ. कुशल पाल ने विजेताओं को प्रोत्साहित किया। इस मौके पर निर्णायक की भूमिका समीर, अनित और चंचल ने निभाई।