कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पवित्र ब्रह्म सरोवर सहित धर्मनगरी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण की व्यापक योजना तैयार की है। श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार भी इस योजना का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा के ब्रह्म सरोवर से संबंधित प्रश्न का उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि विकास और सुंदरीकरण कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
कई कार्यों की निविदाएं जारी हो चुकी हैं। रेस्ट हाउस सहित अन्य कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं। सरकार ने ब्रह्म सरोवर और आसपास के क्षेत्र के सुंदरीकरण की पूरी योजना बनाई है। हाल ही में जिले में श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस मनाया गया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे।
रेलवे एलिवेटेड ट्रैक और विकास कार्य : मुख्यमंत्री ने रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इसका उद्घाटन किया है। यह परियोजना मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते हुए शुरू की गई थी। इस परियोजना से शहर को रेलवे फाटकों की समस्या से मुक्ति मिली है। इससे कुरुक्षेत्र का जुड़ाव भी बेहतर हुआ है। राज्य सरकार कुरुक्षेत्र की धार्मिक गरिमा के अनुरूप निरंतर कार्य कर रही है।