कुरुक्षेत्र। केयू आईटीटीआर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में पहुंचे कुलपति डॉ सचदेवा व अन्
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने खेलकूद, शैक्षिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा संकल्पबद्ध होकर विकसित भारत अभियान 2047 में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उद्यमिता और नवाचार को अपनाएं तथा नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने स्वदेशी अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि यह हमारे खान-पान, वेशभूषा और जीवनशैली में भी दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीवन में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा से किया गया कार्य ही सफल होता है। भावी शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है, इसलिए उन्हें नव भारत निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही उन्होंने शिक्षण-अधिगम के साथ शोध की महत्ता पर भी बल दिया और ऊर्जा के नए संसाधनों के अन्वेषण की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में बीएड की छात्रा अंजलि व अनीसा ने समूह गीत के रूप में सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, वहीं शिक्षक डॉ. दिग्विजय सिंह ने स्वदेशी और स्वावलंबन पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। मंच संचालन छात्रा वंशित्ता ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव सहायक प्रोफेसर दिविज गुगनानी ने रखा।