गांव बारना में थाना व चौकी प्रभारी की अगुवाई में आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया। इस हमले में टीम के साथ गए एएसआई और होमगार्ड को चोटें आई हैं। आरोपियों ने दोनों की वर्दी भी फाड़ दी और पुलिस टीम से दुर्व्यवहार किया। इस दौरान हमलावरों ने आरोपी को मौके से भगा दिया। किसी तरह पुलिस टीम वहां से जान बचाकर कर निकली। सहायक उपनिरीक्षक महाबीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राजकिशन, उसकी पत्नी पालो देवी, पुत्री संतोष, बेटे मनीष को नामजद किया है। बता दें पिछले महीने गांव बारना में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम पर भी कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। उस समय ग्रामीणों ने डिवीजन-1 के एसडीओ को पोल से बांधकर मारपीट की थी।
सहायक उपनिरीक्षक महाबीर सिंह ने केयूके थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को वह पुलिस कर्मचारियों के साथ बारना में 25 जून 2021 को दर्ज हुए मामले में आरोपी राजकिशन को गिरफ्तार करने के लिए गांव पहुंचे थे। यहां पहुंचकर उन्होंने गांव के चौकीदार बलवान सिंह को साथ लेकर आरोपी राजकिशन के घर पर छापा मारा। उस समय आरोपी राजकिशन घर पर ही मौजूद था। पुलिस टीम को देखकर आरोपी राजकिशन भागने लगा तो दूसरे पुलिस कर्मचारियों की मदद से उन्होंने आरोपी राजकिशन को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान राजकिशन की पत्नी पालो देवी ने फावड़े और बेटी संतोष और बेटे मनीष ने डंडों के साथ पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पालो देवी ने उसकी वर्दी के कमीज के कॉलर को पकड़ लिया और मुंह पर थप्पड़ मुक्के मारने लगी। मनीष ने डंडे से हवलदार रमेश कुमार के मुंह पर वार किया। हमलावर पालो देवी, संतोष देवी व मनीष कुमार जोर जोर से चिल्लाने लगे। इस बीच मौका पाकर आरोपी राजकिशन वहां से फरार हो गया। आरोप है कि पालो देवी, संतोष व मनीष ने उनके साथ मारपीट ही नहीं बल्कि उनकी सरकारी वर्दी भी फाड़ दी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। ज्योतिसर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राम स्नेही ने बताया कि शिकायत पर आरोपी राजकिशन, पालो देवी, संतोष व मनीष पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।