कुरुक्षेत्र। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे से पवित्र ब्रह्मसरोवर तक आने वाले रोड को केडीबी रोड के साथ-साथ वीआईपी रोड के नाम से भी जाना जाता है।
अनेक आयोजनों के चलते इसी रोड से ही वीआईपी ब्रह्मसरोवर व शहर के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचते हैं लेकिन यह रोड भी प्रशासनिक अनदेखी का शिकार है। यहां शाम ढलते ही अंधेरा छाने लगता है।
हालांकि करीब छह किलोमीटर लंबे इस रोड पर कई हिस्सों में सभी स्ट्रीट लाइटें जगमग रहती है लेकिन कईं हिस्से पूरी तरह से गहरे अंधेरे में डूबे रहते हैं।
रोड पर जिला सचिवालय के समीप ही स्थित शहीद उद्यम सिंह चौक पर हाई मास्ट लाइट जलती मिलीं लेकिन इसी चौक से ही सुंदरपुर रेलवे ओवर ब्रिज तक लगाई गई 35 लाइटें बंद पड़ी है। यहीं नहीं आरओबी पर ही 40 में से 15 लाइटें बंद मिली, जहां हर समय हादसे का अंदेशा रहता है। यहीं नहीं इसी रोड पर ब्रह्मसरोवर तक भी कईं लाईटें बंद मिली। आधा दर्जन लाइटें एक साइड से ही जलती मिली। बारिश के मौसम में रोड पर अंधेरे के चलते हादसे की संभावना बढ़ जाती है।
उधर नगर परिषद ईओ राजेश कुमार का कहना है कि जिस क्षेत्र की शिकायत उन तक पहुंचती है, वहां तत्काल ही स्ट्रीट लाइटें दुरूस्त करवा दी जाती है। इस रोड की लाइटों की भी जांच करवा दुरूस्त करवा दी जाएंगी।