संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गुरुकुल कुरुक्षेत्र में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा एवं गुरुकुल के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले दो दिवसीय आर्य महासम्मेलन का शुभारंभ आज शनिवार को होगा, जिसमें आर्य समाज से जुड़े अनेक लोग प्रदेशभर से जुटेंगे। पहले दिन गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे जबकि दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य तौर पर शरीक होंगे। गुरुकुल प्रधान राजकुमार गर्ग ने बताया कि महासम्मेलन को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
गुरुकुल परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है और अतिथियों के लिए विशेष आवास व्यवस्था की गई है। समारोह के पहले दिन गुरुकुल के पुराने छात्रों के लिए पूर्व छात्र मिलन सम्मेलन का आयोजन होगा, जहां एक हजार से अधिक पूर्व छात्र गुरुकुल में अध्ययन के दौरान के अनुभव साझा करेंगे। शाम की सभा में प्रख्यात आर्य भजनोपदेशक जयपाल आर्य, रामनिवास आर्य और जसविंदर आर्य द्वारा भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के प्रधान देशबंधु आर्य, महामंत्री उमेद शर्मा सहित आर्य समाज के अनेक विद्वान और आर्य संन्यासी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें हरियाणा सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान व दूसरे प्रदेशों से भी आर्य समाज के पदाधिकारी गुरुकुल में पहुंच रहे हैं। गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डाॅ. प्रवीण कुमार, प्राचार्य सूबे प्रताप और व्यवस्थापक रामनिवास आर्य का कहना है कि सम्मेलन का उद्देश्य आर्य समाज को मजबूत करते हुए इसका संदेश दूर-दूर तक पहुंचाना है।