लाडवा। रामलीला को लेकर रिहर्सल करते कलाकार। संवाद
- फोटो : Archive
लाडवा। श्री राम हनुमान रामलीला समिति ने 4 अक्तूबर से होने वाली रामलीला की तैयारी शुरू कर दी हैं। यह रामलीला ठाकुरी देवी स्कूल के निकट रामलीला ग्राउंड में आयोजित होगी। विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाने वाले कलाकारों ने रिहर्सल में हिस्सा लेना शुरू कर दिया है।
समिति के प्रधान राजेश वर्मा ने बताया कि इस बार रामलीला मंचन नए अंदाज में होगा। इसे भव्य और आकर्षक बनाने के साथ सामाजिक संदेश को भी प्रमुखता दी जाएगी। कलाकारों की रिहर्सल पांच सदस्यीय कमेटी की अगुवाई में शुरू हुई है। समिति के अखाड़ेदार डॉ. अशोक निर्मल, निदेशक कुश गर्ग, बृजमोहन शर्मा और अमित सिंघल इसमें शामिल हैं। ये सदस्य किरदारों की बारीकियां समझाने और मंचन को प्रभावी बनाने में जुटे हैं। रिहर्सल 2 अक्तूबर तक प्रतिदिन रात 9 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी। कलाकारों को मंचन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। समिति का लक्ष्य एक यादगार रामलीला प्रस्तुत करना है। समिति का मानना है कि युवा पीढ़ी नशे और मोबाइल के अत्यधिक चलन की ओर बढ़ रही है। भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। रामलीला के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। उन्हें अच्छे संस्कारों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। यह मंचन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेगा।