हरियाणा कला उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को कलाकार छात्र-छात्राओं ने जमकर अपनी कला के रंग बिखेरे। समूह नृत्य व नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राज्य नोडल अधिकारी एवं कुरुक्षेत्र डीपीसी अरुण आश्री ने किया। जहां सुबह से शाम तक नाटक विद्या करवाई गई तो वहीं देर रात तक समूह नृत्य चलते रहे।
अरुण आश्री ने कहा कि केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के सौजन्य से विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा यह कला उत्सव हर राज्य में करवाए जा रहे है। पिछले वर्ष से ही ये कार्यक्रम शुरू करवाए जाएंगे, ताकि छात्र-छात्राओं को उनके राज्य की संस्कृति व कला से ओतप्रोत किया जा सके। ऐसे मंच से छात्रों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। दूसरे दिन समारोह में विजुअल आर्ट में 19 जिलों के 105 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तो वहीं समूह नृत्य में 21 जिलों के 200 प्रतिभागी प्रदेश भर से शामिल हुए। विजुअल आर्ट में भिवानी प्रथम स्थान पर रहा तो रोहतक दूसरे व महेंद्रगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं पहले दिन हुए समूह गान में रोहतक पहले, हिसार दूसरे व यमुनानगर तीसरे स्थान पर रहे।
कला उत्सव का समापन आज
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रही तीन दिवसीय कला उत्सव प्रतियोगिता का समापन 16 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में विधायक सुभाष सुधा मुख्यातिथि होंगे और स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा के निदेशक सी जी रजिनिकांतन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी सुमन आर्य ने दी है।