कुरुक्षेत्र। निरीक्षण के लिए पहुंचे पशुपालन विभाग के एसडीओ। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले भर में अब तक 12 हजार के करीब गोवंश को लंपी बीमारी की वैक्सीन दी जा चुकी है। इसके लिए जहां पशुपालन विभाग की ओर से 49 पशु चिकित्सालयों की टीमें मैदान में उतारी गई हैं तो वहीं विभाग के अधिकारी भी गांवों का रुख कर वैक्सीन लगाए जाने के बाद गोवंश का निरीक्षण भी कर रहे हैं, ताकि लंपी की वैक्सीन दिए जाने के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न हो सके।
लंबी बीमारी का टीकाकरण करने के लिए विभाग की ओर से छह अक्तूबर तक का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में 300 के करीब कर्मचारी पालतू व बेसहारा गोवंश का टीकाकरण करेंगे। इसके अलावा टीकाकरण हो चुके गोवंश का डाटा भी ऑनलाइन किया जा रहा है, ताकि टीकाकरण हो चुके पशुओं का भी पता लगाया जा सके।
वैक्सीन के बाद किया जा रहा निरीक्षण : जसबीर सिंह पंवार
पशुपालन विभाग के एसडीओ जसबीर सिंह पंवार ने बताया कि पालतू व बेसहारा गोवंश को लंपी बीमारी से बचाने के लिए वैक्सीन दी जा रही है, इसके लिए छह अक्तूबर तक अभियान चलाया गया है। अभियान के लिए 300 कर्मचारियों की टीमें बनाकर घर-घर भेजी जा रही है साथ ही टीकाकरण होने के बाद गोवंशों का निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि लंपी की वैक्सीन के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न हो सके।