कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र नए बस अड्डे के कचरा डंपिग स्थल पर लगाई गई आग से उठता धुंआ। संवाद
कुरुक्षेत्र। प्रदेश सरकार की ओर से स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते है, लेकिन कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो से कचरे का उठान न हो पाना रोडवेज कर्मियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है, जिसके चलते रोडवेज कर्मियों में रोष पनप रहा है। रोडवेज कर्मियों की माने तो दो से ज्यादा महीनों तक डिपो के डंपिंग स्थल से कचरे का उठान नहीं हो पाता और कचरे में आग लगा दी जा रही है, जिससे जहां दुर्गंध तो फैलती ही है साथ ही धुएं से प्रदूषण फैलता है। भीषण गर्मी होने के चलते अनहोनी होने की आशंका भी रहती है, डिपो में कई बसें भी कचरा डंपिंग स्थान के आसपास खड़ी रहती हैं।
जानमाल के नुकसान की आशंका : जरनैल सिंह
हरियाणा रोडवेज वर्कर इटंक के राज्य सचिव जरनैल सिंह का कहना है कि दो महीने से ज्यादा समय तक रोडवेज डिपो का कचरा डंपिंग स्थान पर पड़ा रहता है, जिससे गंदगी फैली रहती है और उठान न होने पर उसमें आग लगा दी जाती है, जिससे प्रदूषण तो फैलता ही है, साथ ही जानमाल के नुकसान की संभावना भी रहती है। राजकोट में हुए हादसे से हमें सीख लेने चाहिए।
अनहोनी की रहती है संभावना : नरेश सरवारा
हरियाणा रोडवेज वर्कर इटंक के जिला प्रधान नरेश सरवारा का कहना है कि कचरे का उठान हर रोज होना चाहिए, जिससे की गंदगी नहीं फैलेगी, साथ ही बस अड्डा की सुंदरता भी बढ़ेगी। कचरे में आग लगाने से अनहोनी की संभावना रहती है। बस अड्डे में कई बसें खड़ी रहती है, जिससे आग लगने की संभावना बढ़ जाती है। यूनियन की ओर से मांग की जाती है कि कचरे का उठान हर रोज होना चाहिए।
मामले को लेकर की जाएगी जांच : शेर सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते आग से नुकसान की संभावना रहती है। कचरे में आग लगाना गलत है। इस मामले की जांच की जाएगी और कार्रवाई होगी।
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र नए बस अड्डे के कचरा डंपिग स्थल पर लगाई गई आग से उठता धुंआ। संवाद