बाबैन। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों ने मांगों को लेकर खंड कार्यालय बाबैन में धरना दिया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर मांगें पूरी करने आवाज बुलंद की।
आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा उनका सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन जारी रहेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता, कमलेश, संतोष, सुभद्रा व संतोष ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी 2018 में मानी गई मांगों को पूरा न करके उनके साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 2018 में आंगनबाड़ी वर्करों को 1500 रुपये और हैल्परों को 750 रुपये देने का वादा किया था, जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी अपने मन की बात में आंगनबाड़ी वर्करों को ये राशि देने की बात कही थी जो आज भी अधूरी पड़ी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर कोरोना महामारी में भी सबसे आगे काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनका हक न देकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों की मांगों को नहीं माना तो वे 12 जनवरी को जेल भरो आंदोलन में बढ़-चढ़ कर भाग लेंगी, जिसके लिए सरकार ही जिम्मेदार होगी। उन्होंने सरकार से उनकी सभी लंबित मांगों को तुरंत पूरा करने की मांग की है।