संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हुई पार्ट टाइम टीचर्स की नियुक्ति पर धांधली का आरोप लगा सेक्टर-7 वासी डॉ. अमित कुमार ने सुप्रीमकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका को सुप्रीमकोर्ट ने मंजूर कर लिया है।
सेक्टर-7 वासी डॉ. अमित कुमार ने कुलपति, कुलसचिव, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट में शिकायत करते हुए दिसंबर 2021 में हुई पार्ट टाइम टीचर्स की भर्ती पर धांधली का आरोप लगाया है। डॉ. अमित का आरोप है कि अक्तूबर 2021 में विश्वविद्यालय के आईआईएचएस के विभिन्न विभागों में पार्ट टाइम टीचर्स की भर्तियां निकाली गई थीं। उन्होंने संगीत गायन शिक्षक के लिए आवेदन किया था। उनका कहना है कि 19 दिसंबर 2021 को विश्वविद्यालय ने दो शिक्षकों को भर्ती किया।
इनमें से एक शिक्षक केवल नेट क्वालीफाई है और दूसरा पीएचडी, जबकि वह पीएचडी और नेट क्वालीफाई है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में उनकी अनदेखी की गई। डॉ. अमित कुमार के मुताबिक इसकी शिकायत विश्वविद्यालय के कुलपति से लेकर प्रधानमंत्री तक की गई है। साथ ही सीएम विंडो पर भी शिकायत की है। उन्होंने कहा कि उनकी इस शिकायत पर सुप्रीमकोर्ट ने जन याचिका के रूप में संज्ञान लिया। उन्हें उम्मीद है कि उनके पक्ष में फैसला आएगा।
उधर, आईआईएचएस के प्राचार्य डॉ. संजीव गुप्ता का कहना है कि पार्ट टाइम टीचर्स की नियुक्ति करने के लिए विभाग के एचओडी, संबंधित विभाग के वरिष्ठ शिक्षक सहित तीन सदस्यों की कमेटी गठित की गई थी। कमेटी की सिफारिश के आधार पर टीचर्स की नियुक्ति की गई थी। वहीं, विभाग के एचओडी डॉ. आनंद का कहना है कि मेरिट के आधार पर सभी पार्ट टाइम टीचर्स की नियुक्ति की गई है। साक्षात्कार में भी शिकायतकर्ता की अच्छी परफॉरमेंस नहीं थी। नियमों के अनुसार विभाग में पहले से पढ़ा रहे शिक्षकों को भी प्राथमिकता दी गई। कुलपति ने उनकी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जवाब मांगा था, जिसका जवाब उन्होंने सौंप दिया है।