संवाद न्यूज एजेंसी
इस्माईलाबाद। पिछले महीने अनाज मंडी आढ़ती की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कपिल शर्मा निवासी बनौदी जिला अंबाला ने हत्या करने के आरोपियों को असलहा उपलब्ध कराया था। इस मामले में पुलिस ने कपिल समेत चार आरोपियों को पकड़ चुकी है।
थाना इस्माईलाबाद में 20 अक्तूबर को दर्ज शिकायत में गुलसेर निवासी सोंटी जिला अंबाला ने बताया था कि वह अनाज मंडी इस्माईलाबाद में आढ़ती हरमिलाप सिंह के पास मुनीम है। 19 अक्तूबर की शाम करीब 5.20 बजे हरमिलाप सिंह अपनी कार में घर जा रहे थे। अभी आढ़ती अनाज मंडी के चौक में पहुंचा ही था कि बुलेट बाइक पर दो नकाबपोश युवक आए और उनमें से एक ने बाइक से उतरकर हरमिलाप सिंह पर चार-पांच गोलियां चलाकर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।
वारदात के बाद आरोपी बाइक पर फरार हो गए थे। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद आढ़ती को अंबाला और अंबाला से पंचकूला ले गए थे। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने आढ़ती हरमिलाप सिंह को मृत घोषित कर दिया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-एक ने करते हुए आरोपी गुरमान सिंह निवासी अहरू खुर्द जिला पटियाला व परवीर सिंह उर्फ पीरु निवासी टुंडली जिला अंबाला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ ने वारदात में प्रयोग बुलेट बाइक, पिस्टल, दो कारतूस, एक मैगजीन तथा मौके से वारदात में पहने हुए कपड़े बरामद किए थे। 28 अक्तूबर को टीम ने तीसरे आरोपी दलबीर सिंह निवासी अहरू खुर्द जिला पटियाला को काबू किया था। पूछताछ मेें आरोपियों ने बताया था कि यह असलहा कपिल शर्मा ने उपलब्ध कराया था। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।