विकास खंड निसिंग के तहत आने वाले गांव जरीफाबाद में करवाए गए दूसरे चरण के पंचायतीराज चुनावों में वार्ड नंबर 7 से पंच पद पर चुनाव लड़ रही महिला प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह् वितरित किए जाने के दौरान हुई चूक की वजह से पुन: मतदान करवाया जाएगा। क्योंकि गत 17 जनवरी को हुए मतदान के दौरान इस वार्ड से चुनाव लड़ रही प्रत्याशियों ने अधिकारियों को इस खामी से अवगत करवाकर वार्ड का चुनाव रूकवा दिया था। जबकि सरपंच सहित शेष छह वार्डों के चुनाव अधिकारियों की ओर से 17 जनवरी को ही चुनाव संपन्न करवा दिए गए थे। बूथ नंबर 171 के वार्ड नंबर 7 पर 24 जनवरी को पुन: मतदान करवाए जाने का निर्णय लिया गया है। जरीफाबाद की कुल 631 वोटों को सात वार्डों में विभाजित किया गया है।
दूसरे चरण के चुनाव में पंच पद के सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह् वितरित कर दिए गए थे। इनमें से वार्ड नंबर 7 से पंच पद पर आमने सामने चुनाव लड़ रही महिला प्रत्याशी दीक्षा व ममता को बैलेट पेपर पर एक दूसरे के चुनाव निशान छाप दिए गए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान निशान दिए जाने के समय दीक्षा को फावड़ा व ममता को सीढ़ी का निशान दिया गया था। लेकिन बैलेट पेेपर पर दिए गए निशानों में ममता का फावड़ा व दीक्षा का निशान सीढ़ी का था। इस कारण प्रत्याशियों की ओर से चुनाव शुरू होने के बाद अधिकारियों को चुनाव निशान के वितरण में हुई गलती से अवगत करवाया गया। इसकी वजह से इस वार्ड के मतदान को रोक दिया गया था। पंचायत विभाग के मुख्य लिपिक शशी भूषण ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए बताया कि इस चूक की वजह से अब 24 जनवरी को पुन: मतदान करवाने की व्यवस्था की गई है।